टोन्टो थाना क्षेत्र के रूतागुटु जंगल में ध्वस्त हुआ नक्सली डम्प, बम निरोधक दस्ते ने 5 आईईडी किए नष्ट; भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता सक्रिय
कोल्हान की पहाड़ियों में नक्सलियों की हलचल तेज
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्तों के साथ कोल्हान के सारंडा जंगलों में विध्वंसक गतिविधियों के लिए सक्रिय हैं। इन गतिविधियों को देखते हुए चाईबासा पुलिस, कोबरा, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की संयुक्त टीमों ने अभियान को तेज कर दिया है।
2022 से जारी है संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान
चाईबासा जिला प्रशासन और केंद्रीय सुरक्षाबलों द्वारा वर्ष 2022 से लगातार गोईलकेरा और टोन्टो थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों – कुईड़ा, छोटा कुईड़ा, मारादिरी, मेरालगड़ा, हाथीबुरू, तिलायबेड़ा, बायहातु, बोरोय, लेगसाडीह, हुसिपी, राजाबासा, तुम्बाहाका, रेगड़ा, पाटातोरब, गोबुरू और लुईया – में गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इन क्षेत्रों की भौगोलिक बनावट और जंगल-पहाड़ी इलाका नक्सलियों को छिपने और डम्पिंग के लिए उपयुक्त स्थान मुहैया कराता है।
18 मई को चला बड़ा सर्च ऑपरेशन
आज दिनांक 18.05.2025 को प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर टोन्टो और गोईलकेरा थाना क्षेत्र की सीमा के आस-पास स्थित जंगली/पहाड़ी इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस तलाशी अभियान के दौरान टोन्टो थाना क्षेत्र के ग्राम रूतागुटु के जंगल में सुरक्षाबलों ने एक पुराने नक्सली डम्प का पता लगाया और उसे सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया।
5 आईईडी बम नष्ट, विस्फोटकों का जखीरा बरामद
सुरक्षा बलों द्वारा बरामद 5 आईईडी को बम निरोधक दस्ते की मदद से उसी स्थल पर नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, गोला-बारूद और अन्य सामान जब्त किए गए। बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि नक्सली किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे।
बरामदगी की सूची:
आईईडी: 05 नग
डेटोनेटर: 02 नग
जिलेटिन की छड़: 18 नग
एएनएफओ (ANFO): लगभग 4-5 किलोग्राम
फ्यूज: 01 नग
5.56 एमएम राउंड: 01 नग
लोहे की पाइप: 01 नग
तार: 40-50 मीटर
बैटरी (12 वोल्ट): 02 नग
बैटरी (9 वोल्ट): 02 नग
टिफिन बॉक्स: 01 नग
प्रेशर कुकर: 02 नग
जंगली जूता: 02 जोड़ी
मैगजीन पॉच: 07 नग
स्टील कंटेनर: 05 नग
अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री
संयुक्त बलों की त्वरित कार्रवाई से विफल हुई नक्सली साजिश
इस अभियान के सफल संचालन में चाईबासा जिला पुलिस, सीआरपीएफ की 193वीं बटालियन और झारखंड जगुआर के जवान शामिल थे। इन बलों ने समन्वय और रणनीतिक सूझबूझ के साथ अभियान को अंजाम दिया, जिससे एक संभावित बड़े नक्सली हमले को टालने में सफलता मिली।
सुरक्षाबलों की दृढ़ता से नक्सलियों में दहशत
लगातार जारी संयुक्त अभियान से नक्सलियों की कमर टूटती दिख रही है। सुरक्षाबलों की बढ़ती सक्रियता और हर मोर्चे पर रणनीतिक बढ़त ने नक्सली नेतृत्व को बौखलाया हुआ है। सूत्रों के अनुसार, भाकपा (माओवादी) के बड़े नेता कोल्हान क्षेत्र में लगातार जगह बदलते हुए अपने दस्ते के साथ आगे की रणनीति बना रहे हैं।
जारी रहेगा तलाशी अभियान
सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे संयुक्त अभियान को और अधिक आक्रामक रूप दिया जाएगा। जंगलों और सीमावर्ती गांवों में निरंतर तलाशी और निगरानी अभियान चलता रहेगा ताकि किसी भी तरह की नक्सली गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।