सारंडा, पश्चिमी सिंहभूम।
सारंडा के संवेदनशील दीघा-तिरिल्पोंसी मार्ग पर स्थित इंदकुली जंगल के पास शुक्रवार को नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दहशत फैला दी। धमाके में दो लोगों के घायल होने की खबर है। हालांकि दूसरा घायल ग्रामीण है या सुरक्षाबल का सदस्य, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।
कोबरा बटालियन का जवान गंभीर रूप से घायल
घटना में कोबरा बटालियन का एक जवान बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे तुरंत बिसरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रांची एयरलिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। जवान की हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर करने का निर्णय लिया है।
इलाके में तनाव, सर्च ऑपरेशन तेज
धमाके के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि यह हमला नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों की मूवमेंट को निशाना बनाने के लिए किया गया।
सारंडा में नक्सली गतिविधियों का गढ़
यह इलाका लंबे समय से नक्सली गतिविधियों का केंद्र रहा है। घने जंगल, दुर्गम रास्ते और सीमित संचार सुविधा के कारण यहां नक्सलियों को छिपने और हमले की योजना बनाने में आसानी होती है। सुरक्षाबल पिछले कई महीनों से लगातार यहां अभियान चला रहे हैं।