मुफ़स्सिल थाना पुलिस ने चाकू से हत्या मामले का 48 घंटे में किया उद्भेदन, आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
चाईबासा जिला अंतर्गत मुफ़स्सिल थाना क्षेत्र के जुनुफील गांव, बड़ालिगिया में 12 वर्षीय अर्जुन बान सिंह की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। इस निर्मम हत्या को मृतक के ही चाचा चंद्र मोहन बान सिंह ने अंजाम दिया था। पुलिस ने हत्यारे चाचा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से लोहे का चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
22 मार्च को शाम 6:30 बजे सूचना मिली कि अर्जुन बान सिंह अपने घर से अचानक लापता हो गया है। उसकी तलाश के दौरान 23 मार्च को उसका शव बगल की झाड़ी में खून से लथपथ हालत में मिला। शव को देखकर प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हुआ। छानबीन में पता चला कि पारिवारिक विवाद के चलते चाचा ने भतीजे को मार डाला।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी ने किया अपराध स्वीकार
पुलिस अधीक्षक महोदय, चाईबासा के निर्देश पर गठित छापामारी दल ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। पूछताछ में अर्जुन के चाचा चंद्र मोहन बान सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि अर्जुन की कुछ पारिवारिक गतिविधियों से वह नाराज था और पहले से ही हत्या की योजना बना रखी थी। घटना वाले दिन उसने चाकू से गोदकर अर्जुन की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम
चंद्र मोहन बान सिंह, उम्र 30 वर्ष, पिता–चुकना बान सिंह
निवासी–ग्राम जुनुफील, थाना–मुफ़स्सिल, जिला–पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा।
बरामद सामग्री
लोहे का चाकू
छापामारी दल में शामिल पुलिस अधिकारी
पुoअoनिo दीपक शेखर, थाना प्रभारी, मुफ़स्सिल थाना, चाईबासा
पुoअoनिo मिथुन कुमार, मुफ़स्सिल थाना, चाईबासा
सoअoनिo यदुनंदन महतो एवं अन्य सशस्त्र बल
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।