छोटानागरा थाना क्षेत्र में बढ़ी सुरक्षा गतिविधियां, हेलिपैड पर तैनात जवानों और एम्बुलेंस के जरिए घायलों को रांची भेजने की तैयारी
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
झारखंड के अत्यंत नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल क्षेत्र के छोटानागरा थाना अंतर्गत मारंगपोंगा के सघन जंगलों में सोमवार को नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए आईईडी विस्फोट की खबर सामने आई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस विस्फोट में सुरक्षा बलों के तीन जवान घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही छोटानागरा थाना पुलिस, सीआरपीएफ आदि की सक्रियता बढ़ गई है। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, छोटानागरा से एम्बुलेंस को तत्काल हेलिपैड स्थल पर तैनात किया गया है, जहां से हेलिकौप्टर से घायलों को रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है।
हेलिपैड पर जुटे सुरक्षाबल, घायलों को एयरलिफ्ट करने की तैयारी
छोटानागरा मैदान स्थित अस्थायी हेलिपैड पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की मौजूदगी देखी जा रही है। हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के लिए स्थल को खाली कराया गया है और मेडिकल टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है। संभावित रूप से गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रांची एयरलिफ्ट किया जा सकता है।
लगातार जारी है नक्सल विरोधी अभियान
सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीमें इलाके में सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं। बीते कुछ महीनों में इस इलाके में नक्सलियों की बढ़ती गतिविधियों के मद्देनजर सुरक्षाबलों की मौजूदगी और चौकसी को बढ़ाया गया है।
स्थानीय लोग दहशत में
घटना के बाद से मारंगपोंगा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह से ही क्षेत्र में सुरक्षाबलों की भारी सक्रियता देखी जा रही थी। वहीं, प्रशासन की ओर से अभी तक कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, जिससे अफवाहों को और बल मिल रहा है।
स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं अधिकारी
हालांकि इस विस्फोट की पुष्टि प्रशासनिक स्तर पर नहीं की गई है, लेकिन घटनास्थल के आसपास पुलिस और सुरक्षाबलों की चहल-पहल से स्थिति की गंभीरता को समझा जा सकता है। वरीय अधिकारी स्थिति पर निगरानी रखे हुए हैं और किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं।