त्रिकुट सभागार, तुलसी भवन में आयोजित सम्मेलन में संगठन के राज्य व केंद्रीय नेतृत्व ने किया मार्गदर्शन
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) जमशेदपुर विभाग द्वारा आज एक दिवसीय युवा कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन गोपाल मैदान के सामने स्थित तुलसी भवन के त्रिकुट सभागार में किया गया। कार्यक्रम में श्रमिक संगठन के युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में अखिल भारतीय मजदूर संघ के सह-संगठन मंत्री गणेश मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने में श्रमिकों की भूमिका निर्णायक है, और इसके लिए युवा कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण और श्रम के सम्मान की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश के महामंत्री श्री राजीव रंजन सिंह ने की, जबकि जमशेदपुर विभाग के विभाग प्रमुख अभिमन्यु सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया। श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठित होकर श्रमिक हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।
सम्मेलन में पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिला के मंत्री अमरिंदर सिंह सहित संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिला इकाई से भी प्रतिनिधियों ने भागीदारी की।
इनमें प्रमुख रूप से –
जिला अध्यक्ष गुलशन सुंडी
जिला मंत्री धनुर्जय लागुरी
जिला सहमंत्री बीरेंद्र दास
ठेका मजदूर संघ के जिला संयोजक जगमोहन सवाइयाँ
जिला सचिव राजू केशरी
सदस्यगण संतोष हेम्ब्रम, बाबूराम लागुरी, गोनो दौराइबुरु आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने मजदूर हितों की रक्षा, न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने, ठेका श्रमिकों के अधिकारों की बहाली, व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर खुलकर चर्चा की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बीएमएस केवल एक ट्रेड यूनियन नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय विचारधारा है, जो श्रमिकों के आत्मसम्मान और राष्ट्रनिर्माण में उनकी भूमिका को केंद्र में रखती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुटता की शपथ ली और यह संकल्प दोहराया कि वे मजदूर वर्ग के कल्याण हेतु संगठन की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।