श्रद्धालुओं और वाहनों के प्रवेश शुल्क को सावन माह के लिए किया गया पूरी तरह समाप्त
जमशेदपुर, 15 जुलाई 2025।
दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी में स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के हस्तक्षेप के बाद श्रद्धालुओं और उनके वाहनों पर लगने वाले प्रवेश शुल्क को पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है।
यह निर्णय सावन माह को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जब हजारों श्रद्धालु दलमा शिव मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
सामाजिक संगठनों और आम जनता की मांग पर हुआ निर्णय
ज्ञात हो कि पहले सावन के दौरान श्रद्धालुओं से मंदिर पहुंचने के लिए प्रवेश शुल्क वसूला जाता था, जिसे लेकर क्षेत्रीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने कड़ा विरोध जताया था।
जब यह मामला केंद्रीय मंत्री संजय सेठ तक पहुंचा, तो उन्होंने दलमा वन क्षेत्र पदाधिकारी (डीएफओ) सबा आलम अंसारी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि,
“श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा का सम्मान किया जाए। सावन जैसे पवित्र महीने में किसी भी तरह की आर्थिक या अन्य बाधा नहीं आनी चाहिए।”
डीएफओ ने तत्काल प्रभाव से शुल्क निरस्त किया
केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए डीएफओ सबा आलम अंसारी ने तत्काल प्रभाव से शुल्क चार्ट को रद्द करने का आदेश जारी कर दिया। इसके बाद से श्रद्धालुओं और उनके वाहनों पर किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लगेगा।
क्षेत्र में खुशी की लहर
इस निर्णय के बाद क्षेत्र में श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों ने केंद्रीय मंत्री और वन विभाग का आभार जताया।
सामाजिक संगठनों ने इसे आस्था के सम्मान और जनभावना के अनुरूप उठाया गया सराहनीय कदम बताया।