रिपोर्ट : शैलेश सिंह।
झारखंड गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग, रांची द्वारा अधिसूचना संख्या-12/पी० 5-1004/2024-2632, दिनांक 25 जून 2025 के तहत पुलिस निरीक्षकों को पुलिस उपाधीक्षक की कोटि में प्रोन्नति प्रदान की गई। इसी क्रम में नवप्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षकों के सम्मान में आज चाईबासा में पिपिंग समारोह का आयोजन किया गया।
यह समारोह पुलिस उप महानिरीक्षक सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र, चाईबासा के कार्यालय कक्ष में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
अनुरंजन किस्पोट्टा और राकेश रंजन ने लगाई कंधे पर बैच
समारोह में श्री अनुरंजन किस्पोट्टा, भा०पु०से०, पुलिस उप महानिरीक्षक, सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र, चाईबासा एवं श्री राकेश रंजन, भा०पु०से०, पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा ने नवप्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षक श्री तरूण कुमार और श्री राजीव रंजन को कंधे पर बैच लगाकर औपचारिक रूप से सम्मानित किया।
दोनों अधिकारियों के कंधों पर बैच लगाते समय कार्यालय में तालियों की गूंज रही और सभी ने उन्हें नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुलिस विभाग में नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार
नवप्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षक श्री तरूण कुमार एवं श्री राजीव रंजन ने समारोह के उपरांत कहा कि यह उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का क्षण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ करेंगे।
पारस राणा को प्रशस्ति पत्र से सम्मान
इस अवसर पर श्री पारस राणा, भा०पु०से०, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान), चाईबासा को बेहतर कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनकी सराहनीय सेवाओं के प्रति विभाग ने आभार व्यक्त किया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत कई अधिकारी रहे मौजूद
पिपिंग समारोह में श्री बहामन टूटी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, चाईबासा समेत कई अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवप्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
झारखंड पुलिस में नई ऊर्जा और उत्साह
इस समारोह के माध्यम से झारखंड पुलिस में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। अधिकारियों ने इसे विभाग के लिए प्रेरणादायक बताया और विश्वास जताया कि नवप्रोन्नत अधिकारी अपने अनुभव और कार्यकुशलता से जिले की कानून व्यवस्था को और मजबूत करेंगे।