मस्जिद में नमाज अदा, कुर्बानी के बाद एक-दूसरे को दी गई मुबारकबाद, प्रशासन रहा मुस्तैद
गुवा संवाददाता।
गुवा में शनिवार को मुस्लिम समुदाय ने बकरीद पर्व को पारंपरिक उल्लास, धार्मिक श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया। सुबह 8:30 बजे स्थानीय मस्जिद में सामूहिक रूप से ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा की गई। नमाज के बाद समुदाय के लोग कब्रिस्तान पहुँचे, जहाँ अतिरिक्त रूप से दुआओं का आयोजन किया गया।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर पर्व की बधाइयाँ दी और भाईचारे का संदेश फैलाया। इसके बाद बकरीद की परंपरा अनुसार बकरों की कुर्बानी दी गई। इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों में उत्साह का माहौल रहा।
पुलिस प्रशासन रहा सतर्क
पर्व को लेकर गुवा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद दिखा। मस्जिद परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, वहीं गुवा क्षेत्र में जगह-जगह पुलिस की गश्त भी सुनिश्चित की गई, जिससे शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बना रहा।
धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए बड़ी संख्या में लोग
बकरीद के मौके पर मोहम्मद मुबारक, मोहम्मद तबारक, मोहम्मद शकील, शेख हयूल, शब्बीर खान, मोनू खान, बशीर खान, शादाब खान, नाजीर खान, आलम अंसारी, रमजान कुरैशी, इम्तियाज अंसारी सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराया।
इस मौके पर स्थानीय सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने भी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए गुवा की गंगा-जमुनी तहज़ीब की सराहना की।