जराईकेला थाना के तिरिलपोसी जंगल में चला संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान, एक जवान घायल, अस्पताल में भर्ती
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के सीमावर्ती क्षेत्र तिरिलपोसी के आसपास स्थित जंगलों में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के उग्रवादियों और सुरक्षा बलों के बीच आज दोपहर 12 बजे भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में माओवादियों के ठिकानों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, वर्दी और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं।
शीर्ष माओवादी नेताओं की गतिविधियों की सूचना पर शुरू हुआ था अभियान
सरकारी सूचना के अनुसार, भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागर अंगरिया, अचिन्तन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा, ऊर्जि अपटन, जयकांत, रामा मुंडा अपने दस्ते सदस्यों के साथ सारंडा/कोल्हान क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के लिए भ्रमणशील थे। उनके मूवमेंट की पुष्टि होते ही 4 मार्च 2025 से विशेष संयुक्त अभियान की शुरुआत की गई, जो कि छोटानागपुर और सरायकेला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगलों में संचालित हो रहा है।

सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई, मुठभेड़ के बाद भारी मात्रा में सामान जब्त
अभियान के दौरान आज 30 मई को सुरक्षा बलों ने माओवादियों के एक समूह से आमने-सामने मुठभेड़ की। मुठभेड़ में माओवादी भागने में सफल रहे लेकिन घटनास्थल की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक, वर्दी, बैग और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्रियां बरामद की गईं।
एक सुरक्षा कर्मी घायल, अस्पताल में भर्ती
मुठभेड़ के दौरान एक अन्य क्षेत्र में माओवादियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर कोबरा 209 बटालियन के सीटी/जीडी सुनील कुमार टीआईएसओ सामान्य रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
बरामद सामान की सूची
विस्फोटक सामग्री
वर्दी
दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं
इन बलों ने मिलकर चलाया अभियान
चाईबासा जिला पुलिस
झारखंड जगुआर
कोबरा 203 BN और 209 BN
सीआरपीएफ की 26 BN, 60 BN, 134 BN, 193 BN और 197 BN की टीमें
नक्सल विरोधी अभियान अब भी जारी
प्रशासन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह विशेष संयुक्त अभियान अभी भी जारी है और माओवादियों की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी की जा रही है। सुरक्षा बल क्षेत्र में हाई अलर्ट पर हैं और आगामी दिनों में ऑपरेशन को और तेज किए जाने की संभावना है।