सैडल-छोटानागरा मुख्य मार्ग पर खाली बोरा लदा वाहन पलटा, चालक सुरक्षित; ट्रैक्टर से निकालने का प्रयास जारी
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
छोटानागरा थाना क्षेत्र के सैडल-छोटानागरा मुख्य मार्ग पर एक खाली बोरा लदा कैम्फर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा सारंडा जंगल के घाटी क्षेत्र में हुआ, जहां तीव्र मोड़ और ढलान के कारण चालक का वाहन पर से संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया।
इस दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। गनीमत रही कि चालक बाल-बाल बच गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
घटनास्थल पर ट्रैक्टर की मदद से वाहन को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र की भौगोलिक कठिनाइयों और दुर्गम रास्तों के कारण राहत कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। घाटी क्षेत्र की जोखिमपूर्ण भौगोलिक बनावट इस मार्ग को पहले से ही खतरनाक बनाती है।