चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, सारंडा जंगल में उग्रवादियों के खिलाफ सघन सर्च ऑपरेशन
रिपोर्ट : शैलेश सिंह
प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिषिर बेसरा और उसके सहयोगी दस्ते द्वारा झारखंड के सारंडा-कोल्हान क्षेत्र में हिंसक गतिविधियों की योजना के इनपुट पर चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की है।
नक्सलियों की बड़ी साजिश का खुलासा
प्राप्त खुफिया जानकारी के अनुसार, भाकपा (माओवादी) के सक्रिय सदस्य — मिषिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगारिया, अभिनव, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हासदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा समेत कई अन्य — कोल्हान क्षेत्र में हिंसक वारदात को अंजाम देने के इरादे से भ्रमणशील थे।
इसके आधार पर 4 मार्च 2025 से पश्चिम सिंहभूम जिले के छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगलों और पहाड़ी इलाकों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
IED विस्फोट में झारखंड जगुआर का जवान घायल
12 मई 2025 को सुबह करीब 10:45 बजे अभियान के दौरान छोटानागरा थाना अंतर्गत कुलतापालुख, दलाईबांग और मरांगपोंगा के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाए गए IED में विस्फोट हुआ।
इस विस्फोट की चपेट में आकर झारखंड जगुआर का सिपाही, 101 बटालियन के जवान मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
रांची रेफर, हेलीकॉप्टर से तत्काल प्राथमिक उपचार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल जवान को सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर, झारखंड रांची के सहयोग से हेलीकॉप्टर द्वारा रांची भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु भर्ती कराया गया है।
नक्सल विरोधी अभियान जारी
पुलिस मुख्यालय, रांची द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कोबरा 203 BN, 209 BN, 134 BN, 193 BN, 197 BN, 26 BN तथा चाईबासा पुलिस के जवान अभियान में जुटे हैं। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक पूरे क्षेत्र से नक्सली गतिविधियों का समूल उन्मूलन नहीं हो जाता।